कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 4 जनवरी 2018

तुम्हारे प्यार में.....

हां तुम्हारे प्यार में डूबा मैं
उस चांद से पूछ बैठता हूँ
क्या तुम्हें नींद नहीं आती
यों  टकटकी लगाए,
क्या देखते हो
या रातों को जागने की
आदत हो  गई
मेरी  तरह..?
या तुम भी कर बैठे प्यार किसी से?
क्या करुं
सर्दी में मुँह से निकलते धुंए को
हवाओं में उड़ाता चला हूँ मैं 

जानता हूँ मैं 
ये  धुआँ नहीं भ्रम है  मेरा
पर फिर भी इस दिल को 

समझाऊँ  कैसे
जो तुम्हारे न होने के अहसास को
पुख़्ता  सबूत बनाता है
जो मेरे  क़दमों को थाम 

आगे बढ़ने से रोक देता है
हाँ सिर्फ़  तुम्हारे प्यार में
बावरा बन.. घूम आता  हूँ
गलियों में , चौराहों पर ...
तो कभी यादों की पगडंडियों पर
थामे हाथ तुम्हारा चल पड़ता  हूँ
उस अनंत क्षितिज की ओर
उस लाल रक्तिम आभा से युक्त
सूरज को छूने
तो कभी तुम्हारी धड़कनों की
धक-धक को सुन उसकी लय में
ख़ुद  को तलाशता
अंजाने ही अर्थविहीन चल पड़ता हूँ
तो कभी छत पर सूखता
तुम्हारा वो नीला-नारंगी दुपट्टा अलबेला
और उससे आती तुम्हारे बदन की वो ख़ुशबू ...!
उसे ढूंढ़ता  न जाने कहां चल पड़ता हूँ  मैं
हां तुम्हारे प्यार में.!
न जाने क्यों
पाबंदियां की परिभाषा भूल गया हूँ
मौसम के चढ़ने-उतरने का 

राग भूल गया हूँ
नभ में उड़ते पंछियों की आज़ादी
भूल गया हूँ मैं 

हाँ  तुम्हारे प्यार में
सुर्ख़ मख़मली एहसासों की नुमाइश कर चला हूँ
समेट लो अपने बाहों में.....
वरना ....न जाने क्या से 
क्या चला हूँ  मैं...!!!
#अनीता लागुरी (अनु)
                  

बुधवार, 27 दिसंबर 2017

कुछ अनचाहा हुआ था....

दिसंबर की कड़कड़ाती ठंड में
कुछ अनचाहा हुआ  था
चिथड़ों में बांधे उसे कोई छोड़
गया था..!
उठा अंधेरे  का फ़ाएदा                                        
बना गुनाहों की गठ्ठरी                                       
क्योंकर कोई फेंक गया था..?

यह  सवाल 
कुछ अन्य चंद सवालों से
बड़ा था...
वह  नवजात माँ  के गर्भ से
बाहर निकल  धूल पर पड़ा था...!

बदन पर कपड़े के नाम पर
गर्भनाल लिपटा था..!
     
परिस्थितियों से बेपरवाह
समय के ज्ञान से अंजान..
चिहुंककर रो पड़ता...!
वह  मासूम नन्हीं-सी जान
रोना भी वो रोना नहीं था उसका
भला एक दिन का 
जन्मा  नवजात
क्या जाने रोना या  रीत दुनिया की
वह  तो चला आया
जीवन जीने.!
कभी कभार चुप हो जाता ..!
फिर अचानक उसे लगता  
कि  वह तो भूखा  है
फिर  रोता है
अंदर के आक्रोश को
चीख़ों  के साथ बताता है।
शायद सवाल पूछना चाहता होगा...?
ख़ुद  के जन्म का 
सामाजिक सरोकार से अपडेट चाहता होगा..!
       क्या है  वो...!
        कौन है वो...!
        किन्हीं दो  नासमझ की भूल...?
या आज के युवाओं की मॉडर्न ज़रूरत ?
या किसी मासूम के  साथ घटी कोई दुर्घटना ?
ख़ैर  बातें तो होती हैं
पर उसका क्या....?
वो मासूम भुगत रहा किस बात की सज़ा ?
हाँ  ....उसे तो चीटियाँ  काट रही हैं ।
ये पत्थर भी चुभ रहे हैं  उसे शूल की तरह
इस फटी चादर के झीने कोनों  से
ठंड भी घुसने को लालायित
उसकी  नरम चमड़ी को  
निर्ममता  से  सहला जाती है
तो कभी सड़क के किनारे
चमचमाती दो जोड़ी  गुर्राती आँखें 
उसका मुआवना कर बढ़ जातीं आगे
मानो चेतावनी दे रहीं हों
रात जरा और गहरा जाए...!
अब  तो ये उस नन्हे को भी
अहसास हो चला था।
वो अकेला इस कूड़ेदान में पड़ा था
न जाने किसके भावुक पलों का
दंश एक मासूम  अनचाहे ही  भोग रहा था
कब तक चलेंगीं  सांसें उसकी
एक घंटे... दो घंटे....... !
या क़िस्मत का मारा
जी जायेगा...?
हाँ  दिसंबर की कड़कड़ाती ठंड में
कुछ अनचाहा ज़रूर हुआ था
यह सवाल विचलित खड़ा था.....!!!
#अनीता लागुरी (अनु)

शुक्रवार, 22 दिसंबर 2017

वो गुलाबी स्वेटर....



कहाँ गई
प्यारभरी रिश्तों  की  बुनावट,


वो नर्म-सी  गरमाहट..।

वो बार-बार
बुलाकर उपर से नीचे
तक नाप लेने की
तुम्हारी शरारत,
वो छेडख़ानी
वो ऊन के गोलों  से
मुझे लपेट देना
और कहना मुझसे  ...
पकड़ो....पकड़ो... मुझे...!

याद आती है
बातें तुम्हारी
तुम बुनती रहीं
रिश्तों  के महीन धागे,
और मैं  बुद्धू
अब तक उन रिश्तों  में
तुम्हें ढूँढ़ता  रहा।

उन रंग-बिरंगे
ऊनी-धागों  में छुपी
तुम्हारी खिली-सी मुस्कुराहट,
ढूँढ़ता रहा वह मख़मली एहसास
जब  प्यार से कहती थी मुझे
ऐ जी ....!
प्लीज़  चाय...
मेरे लिए भी.....!! 

हाथों में आपका  स्वेटर उलझा  है
वक़्त  बावरा हो चला है,
सब समेटे चल पड़ा है
ज़र्द होती हथेलियों के बीच
अश्कों  को पौंछता
नीम-सा कड़वा-मीठा हो चला है।

पर क्या कहूँ....
यादें  हैं बहुतेरी
यादों  का  क्या....!
किंतु  अब  भी  जब
खुलती है अलमारी
तुम्हारे  हाथों से बना
वो गुलाबी स्वेटर
तुम्हारी यादों  को 
भीना-भीना महकाता है 
कहता  है  मुझसे
अब  पहन  भी लो मुझे,
समेट लो अपने
अंकपाश में  मुझे
और धीरे से कहो
स्वेटर में तुम ही हो मेरे साथ !
#अनीता लागुरी (अनु)
                  

मंगलवार, 19 दिसंबर 2017

अमानवीयता का गठजोड...


संवेदनाओं को  तिलांजलि देता

अमानवीय मूल्यों का गठजोड़

इंसानों को नरभक्षी बनाता

है  ये  कैसा कलयुग घनघोर 

विकट विह्वल  परिस्थितियों में

निर्मित हुए भंवर नादियों  में 

स्वंय को घेरता 

फिर अभिमन्यु-सा चक्र घुमाता

घूमे  चारों ओर...!

ख़ुद  ही स्वार्थ को रचता

ख़ुद  ही मकड़जाल में  फंसता

अपने गले के लिए फंदा बनाता...!

क्यों ये मूर्ख  बनता हर रोज़ ..? 

क्या यह  भी है 

किसी व्यवस्था का ठौर

देखो कभी शहरों के बीच

कचरे के ढ़ेरों  में

बजबजाता मक्खियों का शोर

और चंद फ़ासलों में पड़े

नौनिहालों के अधभरे बोर

जो ढूँढ़ते हैं अपने सपनों  के छोर

न बनाओ ऐसी परिस्थितियां

की रक्त से सिंचित पूँजियां 

न जाने कब बह जाए

कचरे नाले  की ओर

ये चिंताएं करे हरपल 

दिमाग़  में शोर

हर रात सड़कों पर नंगी होती

लुटती-पिटती मासूम आबरुएं

न जाने कितने दरिंदे

बिखरे चारों ओर.............!

जो न  देखें  आयु 

किसकी कितनी ओर

वहीं दूसरी ओर...

सड़कों पर फेंक  दी जाती

मासूम  नवजातों की जीवित देह 

यह  तिलांजलि  मानवीयता की  नहीं  

तो और क्या है..?

चहुँओर त्राहि माम-त्राहि माम  मचा है

कुछ ज़्यादा तो कोई कुछ कम मरा है

संवेदनाओं की शूली पर

हर एक भारतीय परिवार खड़ा है

किसका कसूर......?

कैसा कसूर...?

सवाल अनुत्तरित

जवाब अदृश्य

कौन बताए ...क्या है चहुँओर

घिसटती-पिटती ज़िन्दगी की  डोर

डर कर साँसें लेता 

घुटता पल-पल

हे मानव रोक ले....!  

ख़ुद  को तू ..…..

मत बन दानव... 

याद रख  तू !

हम सब एक हैं 

न तू  हिन्दू 

न  मैं मुसलमां

स्वार्थ की वेदी पर

ख़ुद  ही न बन जाए अस्तित्वहीन तू..!

बचा ले अपनी संवेदनशीलता 

जगा ले सोई मानवता

ये ज़िन्दगी  बस एक ही काफ़ी  है

कर सको तो इतना कर जाना..

अपने हिस्से की मुस्कान ...

बांट जाना...!

# अनीता लागुरी ( अनु )

मंगलवार, 12 दिसंबर 2017

एक अदना-सी मेरी तस्वीर.....!!!

       
          एक ऐसे इंसान की अंतिम पलों  की व्यथा प्रस्तुत कर रही हूँ  जिन्होंने पूरी ज़िन्दगी को ज़िंदादिली  से जीया
पर  दुर्भाग्यवश दिमाग़  में  ख़ून  के थक्के जम जाने के कारण..उन्हें पैरालाइसिस अटैक आया ...और हर वक़्त   देव साहब के गीत गुनगुनाने वाले इंसान की जुबां  अचानक ख़ामोश  हो गई .....पूरे 8 महीने कोमा में  शून्य को ताकते न जाने क्या क्या सोचते रहे ..! 
        ज़्यादातर समय मैं  ही उनके साथ थी।  उनकी तकलीफ़  को मैंने  आँखों  से देखा और महसूस किया  है ..बस उनके अंतिम पलों  के विचारों को शब्दों का रुप दिया है मैंने ....

बाबा मेरे
=======




बग़ल  वाले कोने के  कमरे से

अक्सर  उनकी दबी-घुटी 
धीमी-सी आवाज़  आती थी...
बिटिया...!!
ओ री बिटिया ...।
थमा  दे ना वो दवा की पुड़िया।
और एक गिलास पानी का,
शायद ऐसा ही वो मुझसे कहना चाहते थे।
याद हैं  मुझे उनके वो
अंतिम पल...!
जब असहाय  बे-बस मुझे
घूरा करते थे
पानी ,दवा, भोजन 
सबके लिए मुहताज.....!
अपने लिए हर मौके की
तलाश किया करते थे.... 
अक्सर आँखों  की भाषा

समझ जाते...!
और इशारों  से कहते
ना ....री ..बिटिया
अब नहीं करूँगा  परेशान तुम्हें
अंतिम पलों  में  साथ रहो मेरे
दिल धक से कर जाता था मेरा... 
उनकी आख़िरी क्षणों  की
सोच यादों से निकालकर
शब्दों मे बंया कर रही  हूँ ....।
ये कैसा जीवन है,
धत्त !
जीवन भर पैसे-पैसे की दौड़ लगाई
रिश्ते-नाते तमाम उम्र
उलझा रहा इसी झंझावात में 
आज मर रहा हूँ  ...   अकेला ! 
कोई नहीं साथ मेरे....!
जहां तक नज़रें जाती हैं 
मुर्दनी-सी  ख़ामोशी  दिखती है
मटमैली चादर, बिखरे बाल
दवाओं और दुआओं से भरा मेरा ये कमरा....
सामने पड़ा महीनों पहले का
पुराना ये अख़बार 
अपनी ही तरह
मुझे चिड़ा रहा है...
और कभी-कभी ....
अचानक बज पड़ता वो
पुराना रेडियो
सोना चाहता हूँ  लंबी नींद ....
अब नहीं  लगती ज़िन्दगी आसान...
ओ बिटिया....! 
कर देना इतना-सा काम....!
टांग देना कोठरी में ...
एक अदना-सी मेरी तस्वीर.....!!!
# अनीता लागुरी (अनु )

सोमवार, 11 दिसंबर 2017

शायद रुह को मेरी ...तेरी यादों से रिहाई मिल जाए..!!!


शायद रुह को मेरी

तेरी यादों से रिहाई मिल जाए..!!!



लौट आना उस शहर में

            दोबारा

जहाँ मेरी सांसें  अंतिम

          कहलाईं 

जहां धुंध-धुंध जलती रही मैं

और दिल बर्फ़-सा रिसता रहा

नष्ट होता वजूद मेरा,

कहानियां​ कहता  रहा।

वो खेतों से गुज़रती

नन्हीं  पगडंडियां..!!

वो पनघट की उतरती-चढ़ती सीढ़ियां ।

जहाँ  अक्सर  तुम मेरे

अधरो की मौन भाषा

पढ़ा करते थे

और हमें देख

शर्म से लाल सूरज

छुप जाया करता था 

वो कोयली नदी का

हिम-सा पानी

जहां मेरे पैरो की बिछुए 

अक्सर  गुम हो जाया करते थे 

और तुम्हारे हाथों  का स्पर्श

मुझे सहला जाता था ह्रदय के कपाटों तक 

वो पनधट पर  हँसी-ठिठोली करती पनिहारिन

जिनकी चुहलबाज़ी 

तुम्हें परेशान किया करती थी 

और तुम मेरा हाथ थामे

चल देते थे 

क्रोध की ज्वाला लिए...

और मैं  हँस पड़ती 

मानो मुझे कोई  ...

तुमसे छीन ले  चला....!!

एक और बार चले आओ ..... 

उस शहर में दोबारा

जहां हर दीवार पर 

तुमने नाम मेरा लिखा था

शायद रुह को मेरी

तेरी यादों से रिहाई मिल जाए..!!!

#अनीता लागुरी (अनु)

चित्र साभार : गूगल 

शुक्रवार, 8 दिसंबर 2017

तापस



मेरी डायरियों के पन्नों में,

रिक्तता शेष नहीं अब,

हर सू  तेरी बातों का

सहरा है..!

कहाँ  डालूं इन शब्दों की पाबंदियाँ 

हर पन्ने में अक्स तुम्हारा

गहरा है...!

वो टुकड़ा बादल का,

वो नन्हीं-सी धूप सुनहरी,

वो आँगन  गीला-सा,

हर अल्फ़ाज़ यहां पीले हैं।

तलाशती फिर रही हूँ ..

शायद कोई तो रिक्त होगा

वो मेरा नारंग रंग....!

तुम्हें पढ़ने की मेरी अविरल कोशिश..!

और मेरे शब्दों की टूटती लय..!

वो मेरी मौन मुखर मुस्कान..

कैसे समाऊँ  पन्नों में ..?

हर सू  तेरी यादों  का सहरा है......... 

तापस..!!!

कहाँ  बिखेरुं इन शब्दों की कृतियाँ.....? 

यहाँ  रिक्तता शेष  नहीं  अब.....!

तुम्हारी मृदुला🍂🍁🍃🍀

# अनीता लागुरी (अनु)

गुरुवार, 7 दिसंबर 2017

फ़र्क़ ये रोटियों में किसने पैदा किया...?

               
तेरी रोटी 
मेरी रोटी से जुदा क्यों है......?
तेरी हमेशा ही तीन कोनों वाली
नर्म मीठी-सी गुदगुदी रोटी
और मेरी  सूखी पापड़ी-सी 
चंदा मामा वाली रोटी...!
मैं सहेजता हूँ 
मेरी रोटी पोटलियों में,
तू  फेंक आता है, 
कचरे की  बाल्टियों  मै,
मेरी रोटी ओढ़े,
भूख और ग़रीबी,
तेरी रोटी में चुपड़ा घी,
फ़र्क़ ये  रोटियों में किसने पैदा किया...?            
तुमने या  मैंने
या ऊपर बैठै 
उस नीली छतरी वाले ने
पर वो .........!!!                             
भूख में फ़र्क़ करना भूल गया,
तुझे भी भूख लगती है.... ।
मुझे भी,
फिर कब हम इंसान बना बैठे...?
रोटियों में फ़र्क़ ..!
 जब तीसरी मंज़िल से रोटी,
 फिकती  है ना,
 न जाने कितने दौड़ पड़ते हैं।
 मेरी तरह.....!
 पिंटो अंकल का टॉमी भी 
दौड़ लगाता है 
कभी मैं आगे,
कभी वो आगे,
 वजह...?
 वो तिकोनी रोटी जिसे तुम
 परांठा  कहते  हो.....!
ऊपर से लहलहा कर नीचें गिरती है
मेरी भूख मे तब्दील होकर,
#अनीता लागुरी ( अनु )
                  
(चित्र साभार: गूगल)

शुक्रवार, 1 दिसंबर 2017

कैसै कर दूँ रिटायर तुम्हें मेरे मोबाइल ...


अक्सर मैं और मेरा मोबाइल फोन 

बातें  करते हैं ...!

गर तुम ना होते 

तो मेरा क्या होता...?

मैं  न  होती  तो 

कौन तुझे दुलारता ..!

 मोबाइल कातर भाव से कहता है -

कोमल हाथों का स्पर्श कैसे मुझे सहलाता

सुन मेरे फोन -

कानों में मेरे कौन सरगोशियां करता

जब भी सताता अकेलापन 

कैंडी क्रश  कौन  खिलाता

मित्रों से कौन मिलाता 

याद है  मुझे

तेरा वो लाल डिब्बे में आना...!

हौले से मुस्कराकर हैलो कहना...!

कितनी  ख़ुश थी तुझे  पाकर

रात-दिन सारा साथ बिताते ....

साथ ही सोते 

साथ ही जागते ...!

पहचानती है रंग तेरा 

मेरी रजाई / लिहाफ़ ...भी



ब्रश करने से लेकर किचन तक 

तुम मुझमें  मैं तुममें  समाई-सी    

कितनी यादेँ गुथी हैं तुमसे ...!

कितने बादल बरसे हैं 

आँखों से  झर-झर-से

वो मेरा प्यार 

उसकी बातें....      
  
उसकी लड़ाइयाँ ....

सब तुमने देखी-सुनीं है न.....

साक्षी हो बात-बात के 
पर कैसे ...........?  

लोगों को तुम लगे अखरने....!

मॉडल और की-पैड से लगने लगे पुराने...!

कइयों ने समझाया मुझे......

कर दो छुट्टी अब तुम इसकी...

डाल डिब्बे में दो इसको जल्दी...

लिख डालो रिटायरमेंट इसका....!

पर ये क्या जाने नामुराद...


हर दर्द को जीया है संग हमने.....

अपाहिज रिश्ते क्या निभाए नहीं जाते..???

पुराने स्वेटर क्या ठंड से नहीं बचाते..!!

चलो माना फीचर्स थोड़े कम हैं इसमें....!

रंग भी उड़ा-सा बैटरी भी डाउन है इसकी 

फिर भी कई अनमोल यादें हैं इसमें..!!

कैसै कर दूँ  रिटायर तुम्हें मेरे मोबाइल ...

हाथों में..... दिल में...... मेरे 

तुम ही हो बसते ओ प्यारे मोबाइल....!!!

#अनीता लागुरी (अनु)

शुक्रवार, 24 नवंबर 2017

मन करता है....


 हां मन करता  है
कभी सो जाऊँ 
पेड़ के तले 
बिछाकर छोटा-सा 
एक रुमाल....!


और पी लूँ वहीं
खड़े  ठेले से
कुल्हड़ वाली चाय


और कभी प्यास लगे
तो भर लूँ  गली के नल से
अंजुरीभर  पानी और बुझा लूँ 
प्यास.....!


थक गया हूँ 
दिखावे  की हाय-हैलो से
सलीके से पहने 
कपड़ों  से...!


फास्ट-फूड के नाम पर
चायनीज़ों  के स्टेंडर्ड  से
याद आती है ,
पानी पुरी आहहहहहह"""""
उसका वो नमक-मिरच
का मिश्रण.....!!!


कहां पहुँच  गया  हूँ मैं 
देखकर‌ भी खा नहीं  सकता
लगे ....क्या सोचेंगे मेरे 
सो  कॉल्ड  मित्र !


ज़िन्दगी रफ़्तार  हो गई !
मानो उसैन बोल्ट-सी फास्ट हो गई !!!!
जो चाहा हासिल  कर लिया
जो चाहा देख लिया
गूगल मानो
घर में रखे  आईने के सामान  हो..... 
जहां जो देखो
सच ही दिखाता है..... (?)


थक गया हूँ 
वो सुकून  वाली 
नींद कहां आँखों में 
याद आते हैं 
वो दिन जब लकड़ी के पटरों पर भी
 नींद आ जाया करती थी.... 

खैनी रगड़ते दोस्तों  से भी
गले लग लिया करता था..
अब तो
ज़िन्दगी  मानो झूठी  किताब हो गई
हर शख़्स  बहुरुपिया ....
नियत
मुँह में राम  बग़ल में छुरी हो गई 

हाँ  थक गया हूँ  बहुत ...
मन करता है
सो जाऊँ  कहीं ..... !

#अनीता लागुरी (अनु )
...........................................
नोट : (तंबाकू (खैनी) सेहत के लिए हानिकारक है , प्रयास करें दूर रहें  .)
  • (चित्र साभार: गूगल)

बुधवार, 22 नवंबर 2017

नहीं रोकेंगी तुम्हें...


कभी चाहा नहीं 
कि  अमरबेल-सी 
तुमसे लिपट जाऊँ ..!!
कभी चाहा नहीं की
मेरी शिकायतें
रोकेंगी तुम्हें...!
चाहे तुम मुझे 
न पढ़ने की 
बरसों की पीड़ा का 
त्याग  करो न  करो। 
       हाँ !
ख़ामोशी  से जलना
आता है मुझे
अपने अंदर उमड़ रहे
सवालों को समेटकर.......
उदासी की सफ़ेद  चादर
ओढ़ना  पसंद है मुझे
चाहे तुम मुझे पढ़ो  या न पढ़ो ...!
मेरी स्याह रातें
मेरी करवट बदलती रातें...!
शोर करती मेरी.... 
गुपचुप सिसकियों का सच
और मुझे देखता वह चाँद अकेला..!
पर फिर भी मेरी शिकायतें
नहीं रोकेंगी तुम्हें 
चाहे तुम मुझे पढ़ने की पीड़ा का
त्याग  करो या न करो...!
#अनीता लागुरी (अनु )

(चित्र साभार : गूगल)

मंगलवार, 21 नवंबर 2017

एक ज़िंदा भारतीय....


क्यों   दिखता  नहीं 
एक  ज़िंदा  भारतीय
क्यों दिखती  नहीं
भूख  से कुलबुलाती
  उसकी  अतड़ियाँ  ..!
उसकी  आशायें ,
उसकी हसरतें  ,
दिखती  कब  हैं 
  जब .....?
 वो  मर  जाता  है  !
      लोगों  की  आँखों  पर 
चढ़   जाता है  ..
           एक  अंजुरीभर  चावल  के  बदले ..!
           घर  बोरों   से  भर   जाता   है ...
           टूटी खाट आँगन  में  सज  ज़ाती है 
          बन  सूर्खियां अख़बारों  की
            बाक़ियों  की जुगाड़ कर जाता है। 
🍂🍁🍂#अनु 


चित्र साभार: गूगल ...

सोमवार, 20 नवंबर 2017

सफ़ेद कोहरे.....

..आ रंग उड़ेल दूँ  
 तुझमें  सभी...!
ये स्याह-सफ़ेदी  
मुझे भाती नहीं ...!

तुझे भी हक़  है,
इंद्रघनुष छूने की .. .!
किसी‌ की मौत तेरी
किस्मत नहीं ..!

इन रश्म-ओ-रिवाज़ों  के
सफ़ेद  कोहरे ..!
मासूमियत को तुम्हारी
ढक  सकते नहीं ..!

ये बिखरे बाल
ये सूनी मांग.......!
ये आँखों से बहती
निर्झर जल की धारा..!

इन बंधनों  की 
क़वायद से आज़ाद 
तुझे करा दूँ ....!
आ माथे पे तेरे  बिंदी लगा दूँ ...!

 ओढ़ा दूँ ....तुझे ये
रंग सुनहरा......!
ये नीली..वो पीली...
वो चूड़ियाँ पहना दूँ ...!

आ उड़ेल दूँ ... 
तुझमें  रंग ये सारे
ये स्याह-सफ़ेदी  मुझे भाती नहीं ..!
#अनु 

चित्र : अनु लागुरी 

शुक्रवार, 17 नवंबर 2017

अधखुली खिड़की से...

अधखुली खिड़की से,
धुएं के बादल निकल आए,
संग साथ में  सोंधी रोटी की
ख़ुशबू भी ले आए,                            
सुलगती अंगीठी
 और अम्मा का धुआँ-धुआँ
  होता मन..!
कभी फुकनी की फूं-फूं
तो कभी अंगना में
नाचती गौरैया ...ता-ता थईया..!
बांधे ख़ुशबुओं की पोटली
सूरज  भी सर पर चढ़  आया..!
जब अम्मा ने सेकीं रोटियां तवे पर...!
नवम्बर का सर्द सवेरा भी
 ख़ुद पे शरमाया....!
जब अधखुली खिड़की से....धुएं
का बादल निकल आया....!
 #अनु

चित्र साभार - गूगल 

गुरुवार, 16 नवंबर 2017

काश...कोई दे जाता...!

एक शोर ह्रदय को झंकृत करता,
मौन-मौन मनुहार ........रचाता। 

एक  दिया  मुंडेर  पर  जलता ,
नज़्म-नज़्म  संगीत  बजाता। 

एक इंतज़ार टिक-टिक सुनाता,
देख के तुमको नंगे पैर धूल लगाता। 

एक बादल कभी  ज़रा-सा  गुस्साता,
हथेलियों में मेरी कुछ बूँदें रख  जाता। 

एक एहसास तल्ख़ी का तुम्हारा,
आँखों में  मेरी आँसू  दे जाता। 

एक शोर, एक दिया,एक इंतज़ार,
हर पृष्ठ  में  जीवन का राग उकेरता। 

#अनु

मंगलवार, 14 नवंबर 2017

तुलना... तुम्हारे पौरूष से...

तुम चार थे,
मैं एक थी.....!
तुम हैवान थे,
मैं मासूम थी...!
तुम बलवान थे,
मैं लाचार थी....!
तुम कायर दरिंदे थे,
मैं निरीह पशु थी...!
वो तुम्हारी जश्न की रात थी,
मेरी ज़िन्दगी  में 
लगी बदनुमा दाग थी...!
       क्यों .....?
तुम पुरुष थे...?
मैं एक स्त्री थी...।
#अनु 

सोमवार, 13 नवंबर 2017

तुम कवि हो...पर मै.......!

तुम कवि हो ना,

शब्दों  को आकार


देते हो,


मैं  एक कड़वा  सच  हूँ 

सच को नंगा करना 


मेरी  आत्मसंतुष्टि  है ।


तुम्हारे  विचारों के प्रबल वेग का 

कोई छोर नहीं ।

और मैं ...... गंतव्य का भटका राही,


तलाश-ए- मंज़िल  की दौड़ में 


गुमनाम बना फिरता हूँ ...


तुम्हारी  कल्पनाऐं 

अंतहीन हैं ।


मैं  दर्द को सीता हूँ ...!


उसकी चुभन से ,


ख़ुद की कहानियां


लिखता हूँ .…!


तुम लेते हो सहारा क़लम  का

मेरी तो आँखें  पनीली होती हैं ,


होगे तुम कवि कहीं के


मैं  बस मैं  हूँ .......!


कल्पनाओं से परे...!


जीता हूँ  संग  बिडम्बनाओं  के

मरता हूँ  संग वर्तमान के...!


एक यथार्थवादी....!

#अनु