रविवार, 31 दिसंबर 2017

""नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं मित्रों

कुछ घंटो में नया साल आंरभ हो जायेगा, बीते साल  की कुछ खट्टी-मीठी यादें पीछे छुट जाएंगी....तो कुछ  नई बातों का इंतजार रहेगा,नये अनुभव से जुड़ने को मन बेकरार रहेगा....!
            पर आज की रात कुछ अनहोनी घटनाएं भी हो जाती है, जश्न मनाने के फेर में ,लोग ज्यादा शराब पीकर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं..या सड़कों पर उदंडता करते हैं ....
अपने अनमोल जीवन को खतरे मैं डालते हैं।
जश्न मनाये जरुर पर अपने जीवन से हाथ धो कर नहीं।.....
आप खास हो आपकी चेहरे पर दौड़ती मुस्कान खास है।
आने वाला साल ना जाने कौन  सी मासुम खिलखिलाहट के साथ हमे लाभान्वित कर जाए या कुछ अनचाहा छीन लें..
                    पर इतना मन बना लेना चाहिए कि "आल इज वेल"और खुद की पीठ खुद थपथपा लेनी चाहिए। बस इतनी ही बाते करते हैं।
सभी ब्लाग मित्रों को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं आप सभी स्वस्थ और खुशहाल रहे.और ढेर सारी अच्छी रचनाओं के साथ अपने अपने ब्लॉग की तरक्की के गवाह बने...happy new year ...(1918.)..and bye bye 1917....!!

बुधवार, 27 दिसंबर 2017

कुछ अनचाहा हुआ था....

दिसंबर की कड़कड़ाती ठंड में
कुछ अनचाहा हुआ  था
चिथड़ों में बांधे उसे कोई छोड़
गया था..!
उठा अंधेरे  का फ़ाएदा                                        
बना गुनाहों की गठ्ठरी                                       
क्योंकर कोई फेंक गया था..?

यह  सवाल 
कुछ अन्य चंद सवालों से
बड़ा था...
वह  नवजात माँ  के गर्भ से
बाहर निकल  धूल पर पड़ा था...!

बदन पर कपड़े के नाम पर
गर्भनाल लिपटा था..!
     
परिस्थितियों से बेपरवाह
समय के ज्ञान से अंजान..
चिहुंककर रो पड़ता...!
वह  मासूम नन्हीं-सी जान
रोना भी वो रोना नहीं था उसका
भला एक दिन का 
जन्मा  नवजात
क्या जाने रोना या  रीत दुनिया की
वह  तो चला आया
जीवन जीने.!
कभी कभार चुप हो जाता ..!
फिर अचानक उसे लगता  
कि  वह तो भूखा  है
फिर  रोता है
अंदर के आक्रोश को
चीख़ों  के साथ बताता है।
शायद सवाल पूछना चाहता होगा...?
ख़ुद  के जन्म का 
सामाजिक सरोकार से अपडेट चाहता होगा..!
       क्या है  वो...!
        कौन है वो...!
        किन्हीं दो  नासमझ की भूल...?
या आज के युवाओं की मॉडर्न ज़रूरत ?
या किसी मासूम के  साथ घटी कोई दुर्घटना ?
ख़ैर  बातें तो होती हैं
पर उसका क्या....?
वो मासूम भुगत रहा किस बात की सज़ा ?
हाँ  ....उसे तो चीटियाँ  काट रही हैं ।
ये पत्थर भी चुभ रहे हैं  उसे शूल की तरह
इस फटी चादर के झीने कोनों  से
ठंड भी घुसने को लालायित
उसकी  नरम चमड़ी को  
निर्ममता  से  सहला जाती है
तो कभी सड़क के किनारे
चमचमाती दो जोड़ी  गुर्राती आँखें 
उसका मुआवना कर बढ़ जातीं आगे
मानो चेतावनी दे रहीं हों
रात जरा और गहरा जाए...!
अब  तो ये उस नन्हे को भी
अहसास हो चला था।
वो अकेला इस कूड़ेदान में पड़ा था
न जाने किसके भावुक पलों का
दंश एक मासूम  अनचाहे ही  भोग रहा था
कब तक चलेंगीं  सांसें उसकी
एक घंटे... दो घंटे....... !
या क़िस्मत का मारा
जी जायेगा...?
हाँ  दिसंबर की कड़कड़ाती ठंड में
कुछ अनचाहा ज़रूर हुआ था
यह सवाल विचलित खड़ा था.....!!!
#अनीता लागुरी (अनु)

शुक्रवार, 22 दिसंबर 2017

वो गुलाबी स्वेटर....



कहाँ गई
प्यारभरी रिश्तों  की  बुनावट,


वो नर्म-सी  गरमाहट..।

वो बार-बार
बुलाकर उपर से नीचे
तक नाप लेने की
तुम्हारी शरारत,
वो छेडख़ानी
वो ऊन के गोलों  से
मुझे लपेट देना
और कहना मुझसे  ...
पकड़ो....पकड़ो... मुझे...!

याद आती है
बातें तुम्हारी
तुम बुनती रहीं
रिश्तों  के महीन धागे,
और मैं  बुद्धू
अब तक उन रिश्तों  में
तुम्हें ढूँढ़ता  रहा।

उन रंग-बिरंगे
ऊनी-धागों  में छुपी
तुम्हारी खिली-सी मुस्कुराहट,
ढूँढ़ता रहा वह मख़मली एहसास
जब  प्यार से कहती थी मुझे
ऐ जी ....!
प्लीज़  चाय...
मेरे लिए भी.....!! 

हाथों में आपका  स्वेटर उलझा  है
वक़्त  बावरा हो चला है,
सब समेटे चल पड़ा है
ज़र्द होती हथेलियों के बीच
अश्कों  को पौंछता
नीम-सा कड़वा-मीठा हो चला है।

पर क्या कहूँ....
यादें  हैं बहुतेरी
यादों  का  क्या....!
किंतु  अब  भी  जब
खुलती है अलमारी
तुम्हारे  हाथों से बना
वो गुलाबी स्वेटर
तुम्हारी यादों  को 
भीना-भीना महकाता है 
कहता  है  मुझसे
अब  पहन  भी लो मुझे,
समेट लो अपने
अंकपाश में  मुझे
और धीरे से कहो
स्वेटर में तुम ही हो मेरे साथ !
#अनीता लागुरी (अनु)
                  

मंगलवार, 19 दिसंबर 2017

अमानवीयता का गठजोड...


संवेदनाओं को  तिलांजलि देता

अमानवीय मूल्यों का गठजोड़

इंसानों को नरभक्षी बनाता

है  ये  कैसा कलयुग घनघोर 

विकट विह्वल  परिस्थितियों में

निर्मित हुए भंवर नादियों  में 

स्वंय को घेरता 

फिर अभिमन्यु-सा चक्र घुमाता

घूमे  चारों ओर...!

ख़ुद  ही स्वार्थ को रचता

ख़ुद  ही मकड़जाल में  फंसता

अपने गले के लिए फंदा बनाता...!

क्यों ये मूर्ख  बनता हर रोज़ ..? 

क्या यह  भी है 

किसी व्यवस्था का ठौर

देखो कभी शहरों के बीच

कचरे के ढ़ेरों  में

बजबजाता मक्खियों का शोर

और चंद फ़ासलों में पड़े

नौनिहालों के अधभरे बोर

जो ढूँढ़ते हैं अपने सपनों  के छोर

न बनाओ ऐसी परिस्थितियां

की रक्त से सिंचित पूँजियां 

न जाने कब बह जाए

कचरे नाले  की ओर

ये चिंताएं करे हरपल 

दिमाग़  में शोर

हर रात सड़कों पर नंगी होती

लुटती-पिटती मासूम आबरुएं

न जाने कितने दरिंदे

बिखरे चारों ओर.............!

जो न  देखें  आयु 

किसकी कितनी ओर

वहीं दूसरी ओर...

सड़कों पर फेंक  दी जाती

मासूम  नवजातों की जीवित देह 

यह  तिलांजलि  मानवीयता की  नहीं  

तो और क्या है..?

चहुँओर त्राहि माम-त्राहि माम  मचा है

कुछ ज़्यादा तो कोई कुछ कम मरा है

संवेदनाओं की शूली पर

हर एक भारतीय परिवार खड़ा है

किसका कसूर......?

कैसा कसूर...?

सवाल अनुत्तरित

जवाब अदृश्य

कौन बताए ...क्या है चहुँओर

घिसटती-पिटती ज़िन्दगी की  डोर

डर कर साँसें लेता 

घुटता पल-पल

हे मानव रोक ले....!  

ख़ुद  को तू ..…..

मत बन दानव... 

याद रख  तू !

हम सब एक हैं 

न तू  हिन्दू 

न  मैं मुसलमां

स्वार्थ की वेदी पर

ख़ुद  ही न बन जाए अस्तित्वहीन तू..!

बचा ले अपनी संवेदनशीलता 

जगा ले सोई मानवता

ये ज़िन्दगी  बस एक ही काफ़ी  है

कर सको तो इतना कर जाना..

अपने हिस्से की मुस्कान ...

बांट जाना...!

# अनीता लागुरी ( अनु )

मंगलवार, 12 दिसंबर 2017

एक अदना-सी मेरी तस्वीर.....!!!

       
          एक ऐसे इंसान की अंतिम पलों  की व्यथा प्रस्तुत कर रही हूँ  जिन्होंने पूरी ज़िन्दगी को ज़िंदादिली  से जीया
पर  दुर्भाग्यवश दिमाग़  में  ख़ून  के थक्के जम जाने के कारण..उन्हें पैरालाइसिस अटैक आया ...और हर वक़्त   देव साहब के गीत गुनगुनाने वाले इंसान की जुबां  अचानक ख़ामोश  हो गई .....पूरे 8 महीने कोमा में  शून्य को ताकते न जाने क्या क्या सोचते रहे ..! 
        ज़्यादातर समय मैं  ही उनके साथ थी।  उनकी तकलीफ़  को मैंने  आँखों  से देखा और महसूस किया  है ..बस उनके अंतिम पलों  के विचारों को शब्दों का रुप दिया है मैंने ....

बाबा मेरे
=======




बग़ल  वाले कोने के  कमरे से

अक्सर  उनकी दबी-घुटी 
धीमी-सी आवाज़  आती थी...
बिटिया...!!
ओ री बिटिया ...।
थमा  दे ना वो दवा की पुड़िया।
और एक गिलास पानी का,
शायद ऐसा ही वो मुझसे कहना चाहते थे।
याद हैं  मुझे उनके वो
अंतिम पल...!
जब असहाय  बे-बस मुझे
घूरा करते थे
पानी ,दवा, भोजन 
सबके लिए मुहताज.....!
अपने लिए हर मौके की
तलाश किया करते थे.... 
अक्सर आँखों  की भाषा

समझ जाते...!
और इशारों  से कहते
ना ....री ..बिटिया
अब नहीं करूँगा  परेशान तुम्हें
अंतिम पलों  में  साथ रहो मेरे
दिल धक से कर जाता था मेरा... 
उनकी आख़िरी क्षणों  की
सोच यादों से निकालकर
शब्दों मे बंया कर रही  हूँ ....।
ये कैसा जीवन है,
धत्त !
जीवन भर पैसे-पैसे की दौड़ लगाई
रिश्ते-नाते तमाम उम्र
उलझा रहा इसी झंझावात में 
आज मर रहा हूँ  ...   अकेला ! 
कोई नहीं साथ मेरे....!
जहां तक नज़रें जाती हैं 
मुर्दनी-सी  ख़ामोशी  दिखती है
मटमैली चादर, बिखरे बाल
दवाओं और दुआओं से भरा मेरा ये कमरा....
सामने पड़ा महीनों पहले का
पुराना ये अख़बार 
अपनी ही तरह
मुझे चिड़ा रहा है...
और कभी-कभी ....
अचानक बज पड़ता वो
पुराना रेडियो
सोना चाहता हूँ  लंबी नींद ....
अब नहीं  लगती ज़िन्दगी आसान...
ओ बिटिया....! 
कर देना इतना-सा काम....!
टांग देना कोठरी में ...
एक अदना-सी मेरी तस्वीर.....!!!
# अनीता लागुरी (अनु )

सोमवार, 11 दिसंबर 2017

शायद रुह को मेरी ...तेरी यादों से रिहाई मिल जाए..!!!


शायद रुह को मेरी

तेरी यादों से रिहाई मिल जाए..!!!



लौट आना उस शहर में

            दोबारा

जहाँ मेरी सांसें  अंतिम

          कहलाईं 

जहां धुंध-धुंध जलती रही मैं

और दिल बर्फ़-सा रिसता रहा

नष्ट होता वजूद मेरा,

कहानियां​ कहता  रहा।

वो खेतों से गुज़रती

नन्हीं  पगडंडियां..!!

वो पनघट की उतरती-चढ़ती सीढ़ियां ।

जहाँ  अक्सर  तुम मेरे

अधरो की मौन भाषा

पढ़ा करते थे

और हमें देख

शर्म से लाल सूरज

छुप जाया करता था 

वो कोयली नदी का

हिम-सा पानी

जहां मेरे पैरो की बिछुए 

अक्सर  गुम हो जाया करते थे 

और तुम्हारे हाथों  का स्पर्श

मुझे सहला जाता था ह्रदय के कपाटों तक 

वो पनधट पर  हँसी-ठिठोली करती पनिहारिन

जिनकी चुहलबाज़ी 

तुम्हें परेशान किया करती थी 

और तुम मेरा हाथ थामे

चल देते थे 

क्रोध की ज्वाला लिए...

और मैं  हँस पड़ती 

मानो मुझे कोई  ...

तुमसे छीन ले  चला....!!

एक और बार चले आओ ..... 

उस शहर में दोबारा

जहां हर दीवार पर 

तुमने नाम मेरा लिखा था

शायद रुह को मेरी

तेरी यादों से रिहाई मिल जाए..!!!

#अनीता लागुरी (अनु)

चित्र साभार : गूगल 

शुक्रवार, 8 दिसंबर 2017

तापस



मेरी डायरियों के पन्नों में,

रिक्तता शेष नहीं अब,

हर सू  तेरी बातों का

सहरा है..!

कहाँ  डालूं इन शब्दों की पाबंदियाँ 

हर पन्ने में अक्स तुम्हारा

गहरा है...!

वो टुकड़ा बादल का,

वो नन्हीं-सी धूप सुनहरी,

वो आँगन  गीला-सा,

हर अल्फ़ाज़ यहां पीले हैं।

तलाशती फिर रही हूँ ..

शायद कोई तो रिक्त होगा

वो मेरा नारंग रंग....!

तुम्हें पढ़ने की मेरी अविरल कोशिश..!

और मेरे शब्दों की टूटती लय..!

वो मेरी मौन मुखर मुस्कान..

कैसे समाऊँ  पन्नों में ..?

हर सू  तेरी यादों  का सहरा है......... 

तापस..!!!

कहाँ  बिखेरुं इन शब्दों की कृतियाँ.....? 

यहाँ  रिक्तता शेष  नहीं  अब.....!

तुम्हारी मृदुला🍂🍁🍃🍀

# अनीता लागुरी (अनु)

गुरुवार, 7 दिसंबर 2017

फ़र्क़ ये रोटियों में किसने पैदा किया...?

               
तेरी रोटी 
मेरी रोटी से जुदा क्यों है......?
तेरी हमेशा ही तीन कोनों वाली
नर्म मीठी-सी गुदगुदी रोटी
और मेरी  सूखी पापड़ी-सी 
चंदा मामा वाली रोटी...!
मैं सहेजता हूँ 
मेरी रोटी पोटलियों में,
तू  फेंक आता है, 
कचरे की  बाल्टियों  मै,
मेरी रोटी ओढ़े,
भूख और ग़रीबी,
तेरी रोटी में चुपड़ा घी,
फ़र्क़ ये  रोटियों में किसने पैदा किया...?            
तुमने या  मैंने
या ऊपर बैठै 
उस नीली छतरी वाले ने
पर वो .........!!!                             
भूख में फ़र्क़ करना भूल गया,
तुझे भी भूख लगती है.... ।
मुझे भी,
फिर कब हम इंसान बना बैठे...?
रोटियों में फ़र्क़ ..!
 जब तीसरी मंज़िल से रोटी,
 फिकती  है ना,
 न जाने कितने दौड़ पड़ते हैं।
 मेरी तरह.....!
 पिंटो अंकल का टॉमी भी 
दौड़ लगाता है 
कभी मैं आगे,
कभी वो आगे,
 वजह...?
 वो तिकोनी रोटी जिसे तुम
 परांठा  कहते  हो.....!
ऊपर से लहलहा कर नीचें गिरती है
मेरी भूख मे तब्दील होकर,
#अनीता लागुरी ( अनु )
                  
(चित्र साभार: गूगल)

मंगलवार, 5 दिसंबर 2017

दिलों के मकानों में किराए नहीं लगते जनाब!

दिलों के मकानों में
किराए नहीं लगते जनाब!
ये वो शानेख़्वाबगाह  हैं !
जहां मोहब्बतें  सुकूं  से
बसर किया करती  हैं।
इनके  रोशनदान से
सिर्फ़  रौशनी  नहीं आती जनाब!
यहां वो पवित्र रुहें बसा करती हैं
जिनकी दुआओं और बरकतों से
ज़िन्दगी  बसर होती है
किसी ने सही कहा है -
फ़क़त  कट जाए तो
ज़िन्दगी   है
वरना रफ़्तार  दरिया की
मापने से
क्या फ़ाएदा  ..!!
  # अनीता लागुरी ( अनु )                                                                                                                                                    चित्र गूगल से साभार।
                                                                                                                                                                              

सोमवार, 4 दिसंबर 2017

सांध्य बेला की ओर ...जीवन बढ़ चला !!!


जीवन बढ़ चला
सांध्य बेला की ओर ...!
सूरज ने भी रक्तिम आभा बिखेर
स्वागत किया मेरा...!
यूँ  लगे कल ही तो
चलना शुरू किया था...!
                  मैंनें ....
थाम  उंगलियां...बाबा की,
गिरकर चला, चलकर बढ़ा ,
 प्रतिपल, प्रतिक्षण , अग्रसर
बढ़ता रहा जीवन पथ पर सदैव...!
हर मौसम ने छुआ मुझे...!
हर मौसम ने तरल किया ... मुझे।
नित नए अनुभवों को जीता,
हर रस को पिया  मैंने
कभी लगा  नहीं बालों की चांदनी छिपाऊँ ,
जी लिया हूँ  जीभर कर
              पर.....
अब तो थकावट-सी होने लगी  है ...!
जीवन सांध्य भी ऊँधने लगी है
दस्तक धीमे से कानों  में गूंजने  लगी है
चलो  अब चलते हैं..
सांसो में पाबंदियां-सी लगने लगी हैं ।
यों   लगे बार- बार ,
सूरज भी कहता हो
मुझसे..!!                                                                                                                                                                                
इस पोशाक को उतार
नयी  को धारणकर                                                                                                                                     नव प्रवेशद्वार में  प्रवेश कर....!!!
इस क्षितिज से उस क्षितिज  तक जाने की।
अग्रिम  तैयारी कर..!!

 #अनीता लागुरी ( अनु )

शनिवार, 2 दिसंबर 2017

वो पगली...!

वो पगली,
अक्सर गली के चौराहे पर.....!
वो घूरती नीली-सी नज़र
ठिठका जाती कदमों को मेरे....!
एक पल को जड़ हो जाता मैं....
और लगता चोरी से.....
निहारने उसे,
वो बिखरे बालों वाली
फटे चिथड़ों  से,
तन को लपेटने वाली....!
यौवन की ओर अग्रसर
वह पगली मुझे...!
अनायास ही खींच लेती..अपनी ओर.!
और मैं बावरा,
पल में  उसके रोने,
पल में  उसके हँसने की
जादूगरी को देख..!
मन ही मन मुस्करा देता
और पास जाकर पूछ बैठता
रोटी खाई तुमने...?
क्या तुम्हें भूख लग रही है..?
और वो........
न जाने कौन-सी  अक्षुण्ण 
अनुभुति लिए कहती मुझसे...
धत्त बाबू...!!!
# अनीता लागुरी (अनु )
                                                                     (चित्र  साभार गुगल )

शुक्रवार, 1 दिसंबर 2017

कैसै कर दूँ रिटायर तुम्हें मेरे मोबाइल ...


अक्सर मैं और मेरा मोबाइल फोन 

बातें  करते हैं ...!

गर तुम ना होते 

तो मेरा क्या होता...?

मैं  न  होती  तो 

कौन तुझे दुलारता ..!

 मोबाइल कातर भाव से कहता है -

कोमल हाथों का स्पर्श कैसे मुझे सहलाता

सुन मेरे फोन -

कानों में मेरे कौन सरगोशियां करता

जब भी सताता अकेलापन 

कैंडी क्रश  कौन  खिलाता

मित्रों से कौन मिलाता 

याद है  मुझे

तेरा वो लाल डिब्बे में आना...!

हौले से मुस्कराकर हैलो कहना...!

कितनी  ख़ुश थी तुझे  पाकर

रात-दिन सारा साथ बिताते ....

साथ ही सोते 

साथ ही जागते ...!

पहचानती है रंग तेरा 

मेरी रजाई / लिहाफ़ ...भी



ब्रश करने से लेकर किचन तक 

तुम मुझमें  मैं तुममें  समाई-सी    

कितनी यादेँ गुथी हैं तुमसे ...!

कितने बादल बरसे हैं 

आँखों से  झर-झर-से

वो मेरा प्यार 

उसकी बातें....      
  
उसकी लड़ाइयाँ ....

सब तुमने देखी-सुनीं है न.....

साक्षी हो बात-बात के 
पर कैसे ...........?  

लोगों को तुम लगे अखरने....!

मॉडल और की-पैड से लगने लगे पुराने...!

कइयों ने समझाया मुझे......

कर दो छुट्टी अब तुम इसकी...

डाल डिब्बे में दो इसको जल्दी...

लिख डालो रिटायरमेंट इसका....!

पर ये क्या जाने नामुराद...


हर दर्द को जीया है संग हमने.....

अपाहिज रिश्ते क्या निभाए नहीं जाते..???

पुराने स्वेटर क्या ठंड से नहीं बचाते..!!

चलो माना फीचर्स थोड़े कम हैं इसमें....!

रंग भी उड़ा-सा बैटरी भी डाउन है इसकी 

फिर भी कई अनमोल यादें हैं इसमें..!!

कैसै कर दूँ  रिटायर तुम्हें मेरे मोबाइल ...

हाथों में..... दिल में...... मेरे 

तुम ही हो बसते ओ प्यारे मोबाइल....!!!

#अनीता लागुरी (अनु)