रविवार, 10 नवंबर 2019

मूक-बधिर भेड़ें..!!

                                      
मनुष्यों का एक झुंड
भेडों को चरा रहा था
  भेड़ें  मूक-बधिर
सिर्फ़ साँस ले रहीं थीं
      सँकरे नासिका-छिद्र से
कुछ ने कहा- "चलो उस ओर"
कुछ ने कहा- "रुक जाओ यहाँ"
    कुछ ने आँखें दिखायीं
    फिर भी बात न बनी,
     तो हाथ पकड़कर
        खींच ले गये 
    सजाने ओर सँवारने
      अपनी जमात में
 एक और किरदार शामिल करने
       वो तुम नहीं
            हम थे..!!
 मूक-बधिर किये गये
       भेडों के झुंड!!!

    @अनीता लागुरी 'अनु'

शनिवार, 9 नवंबर 2019

                       
                    मेरी खूबसूरत सुबह बन जाओ
                    मेरी हाथों में खनकती चूड़ियाँ,
                    मेरी  जूड़े में सजा मोगरे का फूल बन जाओ,
                    ले लो आलिंगन मैं मुझे फिर से एक बार
                    अधरों में अंकित मेरे सारे सवालों का
                             जवाब बन जाओ
                                                    अनीता लागुरी "अनु"

गुरुवार, 7 नवंबर 2019

पब्लिक बेचारी किधर जाये..!!

झमेले ज़िन्दगी के तमाम बढ़ गये

मार खाये  पुलिस
                                                                                       
वकील न्याय की मांग पर अड़ गये

थोड़ा अटपटा साथ  है ज़रूर मगर

बात पते की कहती हूँ

पुलिस माँगे  सुरक्षा

वकील माँगे न्याय

तो जनाब ये पब्लिक

बेचारी किसके द्वारे जाये?

लगता है सिस्टम की कार्य-प्रणालियाँ

चल पड़ी हैं भस्मासुर की राह पर

ताब-ओ-ताकत की कलई खोलकर

ख़ुद से ही दीमक को न्यौता दे दिया.

 #अनीता लागुरी 'अनु'

                                                                                                        चित्र गूगल से साभार

बुधवार, 6 नवंबर 2019

तुम्हारी मृदुला




       तापस!
       मेरी डायरियों के पन्नों में,
       रिक्तता शेष नहीं अब,
       हर सू तेरी बातों का
         सहरा है..!
      कहाँ डालूँ इन शब्दों की पाबंदियाँ
      हर पन्ने में अक्स तुम्हारा
           गहरा है...!
      वो  टुकड़ा बादल का,
      वो  नन्हीं-सी धूप सुनहरी,
       वो आँगन गीला-सा
       हर अल्फ़ाज़ यहाँ पीले हैं।
       तलाशती फिर रही हूँ..
       शायद कोई तो कोना रिक्त होगा...!
      
       वो मेरा नारंगी रंग....!
       तुम्हें पढ़ने की मेरी अविरल कोशिश..!
      और मेरे शब्दों की टूटती लय..!
        वो मेरी मौन-मुखर मुस्कान..
        कैसे समाऊँ पन्नों में ..!
        हर सू तेरी यादों का सहरा है।
          तापस..!
      कहाँ बिखेरूँ इन शब्दों की कृतियाँ
       यहाँ रिक्तता शेष नही अब...!

         तुम्हारी मृदुला

       #अनीता लागुरी 'अनु' 

रविवार, 3 नवंबर 2019

नंदू...!!

नंदू
नंदू दरवाजे की ओट से,
निस्तब्ध मां को देख रहा था...
मां जो कभी होले से मुस्कुरा देती
तो कभी दौड़ सीढ़ियों से उतर
अंगना का चक्कर लगा आती..!
तू कभी चूल्हे पर चढ़ी दाल छोंक  आती..
माँ,, आज खुश थी बहुत
अब्बा जो आने वाले थे आज
चार सालों के बाद..
निकाल  लाई संदूकची से कानों की बालियां..
और लगा..!!
माथे पर  लाली
बालों में गजरा...!
और पहन वो साड़ी नारंगी वाली,
खुद ही मन ही मन शरमा जाती
मां को देख मेरा भी मन हर्षाया
जो कभी पायल बजाती रुनझुन रुनझुन..
और कभी मुझे उठाती गोद में
आज मां खुश थी बहुत
मांगी थी दुआ भगवान से
दे देना लंबी उम्र मेरे सुहाग को
    पर...?
अब भी नंदू मां को देख रहा था
मां जो अब चुप थी...
मां जो अब खामोश थी
कुछ कह रही थी तो माँ की आँखे
और आंखों से बहती जल की निर्मल धारा
ताई ने तोड़ी मां की चूड़ियां
पोंछ डाला लाल रंग माथे का
ओर बिखेर दिया मां का जुड़ा
नोच डाला वह चमेली के फूल
पल में बदल गई थी दुनिया हमारी
जहां गूंज रही थी मां की हंसी
अब गूंजने लगे थे सिसकियों के सुर..!
अब्बा आए तो जरूर थे
पर चार कंधों में लेट कर
चंद बे मकसद बेरहम लोगों ने
दागी थी गोलियां उनके सीने पर
और मैं अब भी मां को देख रहा हूँ
दरवाजे की ओर से निस्तब्ध...!!
        अनीता लागुरी अनु🍁🍁

शनिवार, 2 नवंबर 2019

मौन होता मनुष्य..!!

पूरी पृथ्वी में मानव जाति ही जीवित जीवों में एक अद्भुत   कृति प्रकृति के द्वारा बनायी गयी रचना है जिसके अंतरमन की कोई थाह नहीं
.....................................

मैंने  प्रतिक्षण इंसानी
प्रवृत्ति को मौन होते देखा है
मगर उनका मौन
उतना ही रौद्र और
शापित होता है जितना कि
एक मुलायम मासूम खरगोश को
मार डालने के बाद
ज़ेहन में आती
उसके गोश्त की गंध
आवाक हो जाता हूं ...
मैं भी...!!
इंसानों के प्रतिपल
बदलते रूप को देखकर
और जाग जाता है
मेरे अंदर छिपा
एक नन्हा शिशु मन
जो भय मिश्रित
आंखों से...घड़ियां गिनता है
क्योंकि मैं नहीं चाहता..!
जब मैं मृत्यु को प्राप्त होऊंगा
तो मेरी आत्मा ....
मुझे कोसती हुई ..!!
दूर निकल जाये...

शुक्रवार, 1 नवंबर 2019

आरे के सोते हुए जंगल...

रात्रि का दूसरा पहर,
कुछ पेड़ ऊँघ रहे थे
कुछ मेरी तरह
शहर का शोर सुन रहे थे
कि पदचापों की आती लय ताल ने
कानों में मेरे,
पंछियों का क्रंदन उड़ेल दिया.....

तभी देखा अँधेरों में
चमकते दाँतों के बीच,
राक्षसी हँसी से लबरेज़ दानवों को
जो कर रहे थे प्रहार हम पर
काट रहे थे हमारे हाथों को
पैरों को और गले को
चीख़ें हमारी अनसुनी कर.....

धड़ाधड़ प्रहार पर प्रहार कर
आरे के जंगल को काट डाला आरियों से
क्यों हमारे अस्तित्व को
पलभर में नकार दिया
क्यों मुख्यधारा में लाने को 
हमें काट दिया.....

विकास उन्नति के लिये
हमारी ही बलि क्यों..?
क्या तुम नही जानते..?
सालों लगते हैं हमें सघन होने में,
यूँ ही एक दिन में बड़े नहीं हो जाते है.!!
सिर्फ़ एक पेड़ नहीं हम
तुम्हारे अंदर की  श्वास-गति है..!!

काट जो रहे हो विकास के नाम पर,
साँसों को अपनी ख़ुद बंधक बना रहे हो
आहह....!!!
लो मुझे भी काट दिया..!
अपने  ही जल ,जंगल ज़मीन से
अलग किया..!
पर याद रखना विकास के नाम पर
हमारी जड़ों को उखाड़ फेंकने वालो....
साँसों को जब तरसोगे एक दिन
रुदन हमारा याद आएगा..!
( कुछ दिनों पहले मुंबई में मेट्रो सेड के लिए रातों-रात काटे गए ,आरे के  जंगल , जहां कई हजारों पेड़ों को रात्रि के मध्य समय में काट दिया गया उसी घटना से प्रेरित होकर  ये रचना लिखी मैंने)

 #अनीता लागुरी 'अनु'
(चित्र साभार ..google से)